राजस्थान में टिकट बंटवारे को लेकर गहलोत पर गरम हुए राहुल गांधी,सोनिया ने कराया शांत ।
राजस्थान विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों का नाम तय करने के लिए सोमवार को बुलाई गई कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उस वक्त माहौल गरम हो गया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सीएम अशोक गहलोत में नोंकझोक हो गई. माहौल इतना बिगड़ गया कि दोनों नेताओं को शांत कराने के लिए सोनिया गांधी को आना पड़ा.
उन्होंने इशारों में दोनों नेताओं को शांत रहने को कहा.
दरअसल केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में राहुल गांधी ने इस बात को लेकर नाराजगी जताई कि राजस्थान में अभी तक सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम क्यों नहीं तय किए जा सके हैं. उन्होंने गहलोत से कहा, आप तीन महीने पहले कह रहे थे कि हमारी सरकार के खिलाफ नाराज़गी नहीं बल्कि कुछ विधायकों के खिलाफ नाराज़गी है. और आज आप कह रहे हैं कि उनका विकल्प नहीं है तो फिर आपने उन सीटों पर दूसरी पंक्ति का नेतृत्व क्यों नहीं खड़ा किया. इस पर गहलोत ने भी आवाज थोड़ी ऊंची कर जवाब देना शुरू कर दिया.
65 से 70 उम्मीदवारों का नाम हुए फाइनल
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक का माहौल गरमाता देख सोनिया गांधी ने गहलोत से धीरे बोलने और इशारों में राहुल से शांत रहने को कहा. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सोमवार को हुई बैठक में 65 से 70 उम्मीदवारों का नाम तय कर लिए गए हैं, जबकि बाकी 35 नामों के लिए कल दोपहर फिर बैठक बुलाई गई है. बता दें कि कांग्रेस पहली तीन सूचियों में 200 में से 95 नामों की घोषणा कर चुकी है.।
Comments
Post a Comment