जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने किया उपखंड कार्यालय बानसूर का औचक निरीक्षण, अधिकारीयों को राजस्व प्रकरणों के साथ आमजन की परिवेदनाओं और आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने के दिए निर्देश।
कोटपूतली-बहरोड़ l ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की ग्रामीण क्षेत्रों में संचलित योजनाओं में किसी प्रकार की खामी न रहे इसके लिए जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने उपखंड कार्यालय बानसूर का औचक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों की बैठक लेकर उपखंड कार्यालय में विभिन्न शाखाओं में संपादित किये जा रहे कार्यो की जानकारी ली तथा संबंधित रिकॉर्डों की जांच कर उपखंड अधिकारी बानसूर अनुराग हरित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उन्होंने उपखंड अधिकारी को उपखंड क्षेत्र में लगने वाले फॉर्मर रजिस्ट्री शिविरों में अधिकाधिक किसानों के रजिस्ट्रेशन किए जाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने एवं काश्तकारों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों का उपयोग करने को कहा। उन्होंने ऑनलाइन गिरदावरी के कार्यों में प्रगति लाने, रेवेन्यू कोर्ट के डिस्पोजल टाइम बेहतर करने, जीसीएमएस पोर्टल पर कोर्ट की प्रोग्रेस इंफोर्मेशन संधारण स्टेज वाइज़ करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सभी शाखाओं के प्रभारियों को शाखा से संबंधित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी अधीनस्थ कार्यालयों के अधिकारी ई-फाईल की स्थिति देखें और लंबित फाइलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करें। औसत फाइल निस्तारण समय को कम किया जाए।
जिला कलक्टर ने सम्पूर्ण उपखंड कार्यालय का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारी से वहां संधारित रिकॉर्ड की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी रिकॉर्ड अपडेटेड रखें जाएं। उन्होंने कार्यालय परिसर में आमजन को दी जाने वाली सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और राजस्व प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति जानी।
जिला कलक्टर ने राजस्व प्रकरणों के साथ आमजन की परिवेदनाओं और आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।
उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड के संबंध में संचालित विभिन्न ऑनलाइन सुविधा और इससे लाभान्वित हो रहे लोगों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व संबंधी कार्यों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि उपखंड कार्यालय में दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले व्यक्ति को चक्कर नहीं काटने पड़े और उनके कार्यों का शीघ्र निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान की जाए। इस दौरान संबंधित अधिकारीगण व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने बानसूर के शहरी क्षेत्र में लगने वाले जाम से आमजन को होने वाली परेशानी से निजात पाने के लिए उपखंड अधिकारी को स्टेक होल्डर्स एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्य योजना बनाने को निर्देश दिए।
Comments
Post a Comment