जिला प्रभारी सचिव उर्मिला राजौरिया ने बैठक लेकर बजट घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश ।
कोटपुतली-बहरोड़ 28 मार्च। शासन सचिव, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, आरपीजी, मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग, राजस्थान जयपुर एवं जिला प्रभारी सचिव उर्मिला राजौरिया ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर अधिकारियों के साथ बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण,अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों से बजट 2024-25 एवं 2025-26 की घोषणाओं को लेकर चर्चा की और सुनिश्चित किया कि सभी योजनाओं और परियोजनाओं का समय पर और प्रभावी क्रियान्वयन हो। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट में घोषित सभी योजनाओं और परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता के हित में कार्य करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए सभी विभागों को एकजुट होकर काम करना होगा।
बजट घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर गंभीर है राज्य सरकार– उर्मिला राजौरिया
जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों में बजट घोषणाओं के अनुसार काम में तेजी लाएं और किसी भी प्रकार की देरी या अड़चनों को तुरंत सुलझाने का प्रयास करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की बजट घोषणाओं की क्रियान्विति व सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने को प्राथमिकता दे। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का यही विज़न है कि सभी बजट घोषणाओं को धरातल पर जल्द से जल्द उतारा जाए।
जिला प्रभारी सचिव ने पूर्व बजट 2024-25 की क्रियान्विति की समीक्षा करते हुए पीएचईडी के अधिकारियों को गर्मी के मौसम को देखते हुए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यक कार्रवाई एवं सुधार अग्रिम रूप से करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को गर्मी में पेयजल को लेकर किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे जल कनेक्शन कि प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्यानुरूप कार्य में गति लाने को कहा।
उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सा संस्थानों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण एवं पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने पावटा चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के बारे में बताते हुए सुधार के निर्देश दिए। साथ ही मौसमी बीमारियों के मद्देनजर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता व अन्य तैयारियां पुख्ता रखने को कहा। उन्होंने डायबिटिक सेंटर, डे- केयर सेंटर एवं टीबी मुक्त अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने वन विभाग से हरियालो राजस्थान के तहत किए जाने वाले पौधारोपण की तैयारियों की जानकारी लेकर जिले को मिले लक्ष्य के अनुरूप नर्सरी में पौधें तैयार करने को कहा।
अधिकारी गंभीरता से करें कार्य: प्रभारी सचिव
जिला प्रभारी सचिव ने कहा कि सभी विभागाधिकारी पूर्ण गंभीरता से कार्य करें, अपने राजकीय दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता और सजगता से कर कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करें। बजट घोषणाओं के तहत शिक्षण एवं चिकित्सा संस्थान, छात्रावास, स्वयंसिद्धा आश्रम, जीएसएस आदि के लिए भूमि का चिन्हीकरण करने की आवश्यक कार्यवाही समय पर करें और भूमि चयन करते समय आमजन कि सुविधाओं और पहुंच का ध्यान रखें।
उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को अन्नपूर्णा रसोइयों में सुविधाओं को बेहतर करने, सीएम शहरी रोजगार गारंटी योजना, पीएम शहरी आवास योजना में अधिकाधिक पात्रों को लाभ पहुंचाने को कहा व सीवरेज प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी भी ली।
उन्होंने समस्त विभागों को संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों के समयबद्ध निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने व डिस्पोजल टाइम में सुधार करते हुए जिले की रैंकिंग को बेहतर करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी परिवादो का संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, यदि आपके स्तर पर किसी कारण से परिवेदना का निस्तारण नहीं हो सकता तो नियमानुसार कारण से परिवादी को अवगत करवाएं ताकि वह परेशान न हो। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली लोक सेवाओं के बारे में आमजन को बैनर, फ्लेक्स, नोटिस बोर्ड पर जानकारी चस्पा कर जानकारी प्रदान करने को कहा एवं पुराने बैनर के जगह नए बैनर लगाने को कहा।
अधिकारियों ने बताई विभागवार विभिन्न कार्यों की प्रगति
जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने विभागवार विभिन्न कार्यों की प्रगति के बारे में से विस्तार से बताया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया की वे इस दिशा में समर्पण के साथ कार्य करें और बजट घोषणाओं को समय पर पूर्ण करें।
इस दौरान नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रामनिवास यादव, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज गुप्ता, पीडब्लयूडी के अधीक्षण अभियंता रामवतार कुमावत, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, संयुक्त निदेशक कृषि महेंद्र जैन सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment