बहरोड़ औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण से फसल बर्बाद होने पर बहरोड़ विधायक डॉ जसवंत यादव ने की किसानों को मुआवजे की मांग।
बहरोड़। विधायक डॉ. जसवंत यादव ने आज राजस्थान विधानसभा में बहरोड़ औद्योगिक क्षेत्र से निकल रहे जहरीले धुएं और उससे किसानों की फसलों को हो रहे भारी नुकसान का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए और प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
डॉ. जसवंत यादव ने बताया कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले धुएं के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए त्वरित मुआवजे की व्यवस्था करने की मांग की।
इसके अलावा, उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला जहरीला रसायन पानी में मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर बीमारियां फैला रहा है, जिससे कैंसर जैसी घातक बीमारियां तक हो रही हैं। उन्होंने सरकार से इस जल प्रदूषण को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
विधायक की मांग पर जवाब देते हुए राजस्थान सरकार के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने सदन को बताया कि प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है और जो इकाइयां सरकारी दिशा निर्देशों का पालन नहीं करेंगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, सरकार ने स्थानीय स्तर पर एक कमेटी के गठन की घोषणा की, जिसमें ADM और संबंधित विभाग के रीजनल हेड शामिल होंगे। यह कमेटी सुनिश्चित करेगी कि फैक्ट्रियां पर्यावरणीय दिशानिर्देशों का पालन करें, प्रदूषण न फैलाएं और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं।
Comments
Post a Comment