कोटपूतली जिला कलेक्टर कार्यालय में सफाई, सौंदर्यीकरण, परिसमन सहित बुनियादी सुविधाओं को लेकर नगर परिषद, नगर पालिका अधिकारियों की बैठक का हुआ आयोजन।
कोटपूतली-बहरोड़ 1 अप्रैल। जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को नगर परिषद एवं समस्त नगरपालिकाओं के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्षिक कार्ययोजना, विभिन्न शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री शहरी रोजगार योजना एक्शन प्लान, वॉर्डों के पुनर्गठन, सम्पर्क पोर्टल, स्वच्छ भारत मिशन, केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं तथा नगर परिषद/नगरपालिकाओं के विभिन्न मेजर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभागों से संबंधित कार्यों में गति लाएं एवं नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में वार्षिक कार्ययोजना का जिला स्तरीय समिति द्वारा द्वारा अनुमोदन किया गया जिसमें एमएसआरवीवाई के बजट प्रावधान अनुसार नगर परिषद में 1 करोड़ रुपए व नगर पालिका में 60 लाख रुपए के कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके तहत पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण संबंधी कार्य, स्वच्छता एवं सेनिटेशन कार्य, सम्पत्ति विरूपण, कन्वर्जेंस कार्य, सेवा संबंधी कार्य एवं हेरिटेज संरक्षण संबंधी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध करने हेतु निर्देशित किया गया.
उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने, सार्वजनिक स्थलों एवं दीवारों पर पेंटिंग व सौंदर्यीकरण कार्य करने, गंदे जल की निकासी एवं ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने, सड़कों की मरम्मत एवं चौड़ाईकरण करने तथा शहर के समग्र सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि कामगारों को प्रशिक्षित कर शहर की दीवारों पर मांढण कला, गेरुआ आदि से सजावट का कार्य करें, दीवारों पर पोस्टर लगाने वालों पर कार्यवाही करें, फुटपाथ के पास सुंदर पेड़-पौधे लगाकर उनकी देखभाल सुनिश्चित करें, पार्कों की नियमित सफाई हेतु संबंधित को पाबंद करें, मुख्य मार्गों व आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था करते हुए उनका रखरखाव भी सुनिश्चित करें. उन्होंने निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन के उचित उपाय अपनाते हुए घर से कचरा एकत्रित करने हेतु नियमित कचरा वाहन लगाने, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए.
नगर परिषद व नगर पालिकाओं के परिसीमन के तहत जोड़े व हटाए जाने वाले ग्रामों के बारे में नक्शे के माध्यम से समीक्षा कर उचित प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को समय समय पर शहरी क्षेत्रों का दौरा कर अव्यवस्थाओं को चिन्हित करते हुए उनके समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए साथ ही स्टेडियम निर्माण की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर कार्य में गति लाने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि शहर के नागरिकों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण मिले, इसके लिए नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं को ठोस कदम उठाने होंगे। सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूर्ण करने एवं शहरी विकास कार्यों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट ने वार्षिक कार्ययोजना एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण,एईएन मुकेश सैनी, बहरोड़ नगर परिषद एईएन राजेश वर्मा, प्रेरणा यादव सहित समस्त अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment