नागड़ीवास, कोटपूतली में चल रहा था नकली दूध बनाने का गोरखधंधा, खाद्य विभाग ने मारा छापा
कोटपूतली-बहरोड़ l आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक व जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल के निर्देशानुसार कोटपुतली के गांव नागड़ीवास में मिलावटी दूध बनाने की सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम जांच दल के साथ मौके पर पहुंची।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि गांव नागड़ीवास की वासुदेव डेयरी में अनिल गुर्जर पुत्र कैलाश गुर्जर मौके पर उपस्थित मिले। उन्होंने बताया कि इस डेयरी प्लांट के मालिक वह स्वयं है। निरीक्षण के दौरान दूध प्लांट पर मिलावटी सामान देखकर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी.
निरीक्षण के दौरान परिसर में 40 किलो मिल्क पाउडर, 25 किलो वनस्पति, 10 किलो पेस्ट,15 मिक्सी, दो गैस मिले जिनसे ये करीब 1000 लीटर दूध तैयार कर पिकअप गाड़ी में लोड कर लोटस डेयरी शाहपुरा में भेजने के लिए गाड़ी को तैयार कर रखा था।
इन सभी खाद्य पदार्थों का एक्ट एवं सर्विलेंस में सैंपल लिया गया। वहीं गांव कोटपुतली के ही गांव नागड़ीवास में काव्या दूध डेयरी का भी निरीक्षण किया गया एवं मौके पर 20 किलो मिल्क पाउडर 15 किलो वनस्पति बरामद हुए जिनसे इसने करीब 100 लीटर दूध तैयार कर रखा था। वहीं निरीक्षण के दौरान करीब 9 पीपे वनस्पति के खाली मिले। उक्त दोनों दूध प्लांट से एक्ट एवं सर्विलेंस सैंपल लेकर प्रयोगशाला जयपुर में भिजवाया है एवं जांच रिपोर्ट आने पर एफएसएसए एक्ट के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
सभी खाद्य पदार्थों को 1100 लीटर दूध, 65 किलो मिल्क पाउडर, 40 किलो वनस्पति एवं 10 किलो सिंथेटिक पेस्ट नष्ट करवाया गया।
कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा और बीसीएमओ कोटपुतली पूरणमल गुर्जर सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment