जिला कलक्टर ने पावटा और विराटनगर के एमएसपी खरीद केंद्र, इंडोर खेल स्टेडियम सहित सीएचसी का किया निरीक्षण।
कोटपुतली–बहरोड़ । जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल मंगलवार को उपखंड पावटा और विराटनगर के दौरे पर रही। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पावटा उपखंड के ग्राम प्रागपुरा के एमएसपी खरीद केंद्र पर की जा रही गेहूं और सरसों की खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण किया और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने केंद्र पर फसल तुलाई, बारदाना, गुणवत्ता जांच, गोदाम में भंडारण, भुगतान प्रक्रिया और ऑनलाइन प्रविष्टियों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शौचालय सुचारू रूप से उपलब्ध हों।
जिला कलेक्टर ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय प्रागपुरा के इंडोर खेल हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खेल सामग्री, मूलभूल सुविधाओं तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के अधिकाधिक प्रयास किए जाए।
मरीजों को मिले बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं - जिला कलक्टर
जिला कलेक्टर ने विराटनगर उपखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मी के मध्यनजर पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता और पेयजल, बैठक व्यवस्था आदि सुनिश्चित हो। उन्होंने मरीजों से संवाद कर सीएचसी पर दी जा रही चिकित्सा सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया।
इसके साथ जिला कलक्टर ने फेकल स्लज मैनेजमेंट की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण के लिए अपनाई जा रही प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वच्छता के मानकों का पालन हो। इस दौरान उपखंड अधिकारी पावटा कपिल कुमार और उपखंड अधिकारी विराटनगर अमिता मान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment