"सांसद सम्पर्क संवाद यात्रा" के तहत बहरोड़ विधानसभा की ग्राम पंचायत ऊंटोली व बिचपुरी में आयोजित हुआ कार्यक्रम, केंद्रीय मंत्री ने गुलदस्तों व फूल-माला के स्थान पर ली किताबें।

कोटपूतली-बहरोड़, 4 मई। केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव ने कहा कि आमजन का हित सरकार की प्राथमिकता है, केंद्र एवं राज्य सरकार आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है, जिसके लिए निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं एवं जमीनी स्तर पर विकास की लहर देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य आने वाले 4 सालों में क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों में आमजन के बीच  पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण करना है, इस कार्य हेतु मैं प्रतिबद्ध हूं।
 संसदीय क्षेत्र अलवर में शुरू किए गए नवाचार के तहत रविवार को बहरोड़ विधानसभा की ग्राम पंचायत खोहरी, कोहराना, ऊंटोली, महाराजावास के लिए ग्राम पंचायत ऊंटोली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के परिसर में तथा ग्राम पंचायत दौसोद, माजरी कलां, बिचपुरी एवं रोडवाल के लिए ग्राम पंचायत बिचपुरी के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिचपुरी के परिसर में आयोजित 'सांसद संपर्क संवाद यात्रा' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

 केंद्रीय मंत्री ने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना ‘सबका साथ सबका विकास’ के तहत ‘सांसद संपर्क संवाद यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें गांव-गांव जाकर आमजन की परिवेदना को सुनकर उनका निराकरण करने के साथ उस क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य कराने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से सभी पात्र व्यक्तियों को लाभांवित कराना है।

गुलदस्तों के स्थान पर पुस्तकें ली और विद्यालय को भेंट की, ग्रामीणों को पौधे भेंट किए 

केंद्रीय मंत्री ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में नागरिकों के द्वारा किए जाने वाले अभिनन्दन व स्वागत में  गुलदस्तों, फूलमाला व साफे की बजाय उपयोगी पुस्तकें भेंट करने की अभिनव पहल की है। उन्होंने कहा कि गुलदस्ते एवं फूलमालाएं कुछ समय पश्चात अनुपयोगी हो जाती है। उसी राशि से उपयोगी पुस्तकें भेंट की जाए जिनका उपयोग लम्बे समय तक युवा कर सकेंगे। यादव सार्वजनिक समारोह में भेंट स्वरूप मिलने वाली पुस्तकों को सरकारी स्कूल की लाइब्रेरी हेतु भेंट करते हैं। ताकि इनका लम्बे समय तक ज्ञान अर्जन के लिए इनका उपयोग हो सके। इसी प्रकार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और नई पहल श्री यादव द्वारा की गई है जिसके तहत सांसद संपर्क संवाद यात्रा के दौरान प्रत्येक गांव को 11-11 पौधे भेंट करते हैं तथा उन ग्रामीणों से 111-111 पौधे अपनी ओर से और लगाने के लिए आह्वान करते हैं। 
हनुमान जी की मूर्ति का अनावरण एवं जीलाणी माता मंदिर में किए दर्शन

केंद्रीय मंत्री यादव नें ऊंटोली में शिव मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति का अनारण किया एवं बहरोड़ में जीलाणी माता मंदिर में दर्शन कर देश के चौंतरफा विकास एवं आमजन की खुशहाली के लिए कामान की। उन्होंने इस दौरान शिव मंदिर ऊंटोली में बरगद (बड़) कौ पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी को ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के तहत अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांवों में नर्सरी लगाएं, इस कार्य हेतु मजदूर मनरेगा से सरकार देती है।
विकास कार्यों का लोकार्पण एवं उद्घाटन कर आमजन को दी सौगातें

केंद्रीय मंत्री श्री यादव ने पंचायत सिमिति बहरोड़ के ग्राम बिजोरावास में (पं. स. मद से) शमशान की चारदीवारी एवं ईन्टरलोकिंग टाईल्स कार्य (9 लाख रूपए लागत) का शिलान्यास, ग्राम कोहराना में ((पं. स. मद से) निर्मित ओपन जिम का उद्घाटन, ग्राम बनहड़ में (पं. स. मद से) निर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन, ग्राम ऊंटोली में (पं. स. मद से) निर्मित मेघवाल समाज के शमशान की चारदीवारी का उद्घाटन, ग्राम ऊंटोली में (पं. स. मद से) स्वीकृत पेयजल परियोजना हेतु 3.50 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन का शिलान्यास एवं ग्राम महाराजावास में (पं. स. मद से)  शिव मंदिर से सांगली की तरफ नाला निर्माण कार्य (लागत 18 लाख रुपए) का उद्घाटन किया एवं बिचपुरी में कार्यक्रम के दौरान भामाशाह द्वारा निर्मित शाला स्टेज (मय टीन शेड) का उद्घाटन किया।
जातिगत जनगणना से अतिंम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ की सुनिश्चितता होगी

 यादव ने कहा कि सरकार ने हर साल गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले करोड़ों लोगों के पास साधन पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पंक्ति में अंतीम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं इसके बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए देश में जातियों का सर्वे कर उनके जीवन स्तर को जानना जरूरी है, इसलिए माननीय प्रधानमंत्री जी ने जातिगत जनगणना का संकल्प पूरे भारत को दिया है। उन्होंने कहा कि समाज में सभी वर्गों की पहचान करना, सभी वर्गों को सुविधा के साधन मुहैया कराने के लिए इस सामाजिक सर्वेक्षण की महत्वता अधिक हो जाती है। 
श्री यादव ने एक देश एक चुनाव की महत्वता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए नित नई योजनाएं लेकर आ रही है। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को क्षेत्र के विकास के लिए भिवाड़ी विकास प्राधिकरण देने पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को एक नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों द्वारा की गई विभिन्न मांगो को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए जल्द पुरा कराने का आश्वासन दिया। 

सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, विभिन्न विभागों की लगी स्टॉल 

कार्यक्रम स्थल पर शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, विधुत विभाग, जलदाय विभाग, सरस डेयरी, राजीविका, युवा एवं कार्यक्रम मंत्रालय माई भारत, बैकिंग सेवाओं आदि की स्टॉल लगाई गई जिनमें केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों द्वारा मंच से अपने-अपने विभागों के प्रमुख योजनाओं की जानकारी, लाभ, प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी आमजन को प्रदान की गई।

जनसुनवाई कर सुने परिवाद, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

 यादव ने कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई कर आमजन के परिवादों को आत्मियता से सुना एवं मौजूद संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी आमजनों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुने एवं संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परिवादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर ना लगाने पड़े इस हेतु सजगता से आपसी समन्वय रखते हुए समयबद्ध निस्तारण कर उन्हें राहत पहुंचाए, जनसुनवाई एवं रात्रि चौपालों के माध्यम से आधारभूत आवश्यकताओं की आपूर्ति में आ रही कमियों को यशाशीघ्र दूर करें।
पीएम सूर्यघर योजना के तहत सौलर पैनल लगवाएं, मुफ्त में बिजली पाएं

मंत्री यादव ने कहा  प्रधानमंत्री  ने तय किया है कि हर घर में मुफ्त में बिजली आनी चाहिए इसके लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत करीब 95 हजार रूपये की सब्सिडी (78 हजार केंद्र-17 हजार राज्य सरकार) लेकर अपने घर की छत पर सौलर पैनल लगवाएं। इससे बिजली का बिल जीरो होगा साथ ही अतिरिक्त विद्युत उत्पादन होने पर विद्युत विभाग उसको खरीदेगा जिससे एक तरह से अतिरिक्त आय भी हो सकेगी, इससे 24 घंटे बिजली भी रहेगी। 

टीबी मुक्त भारत के लिए चलाया जा रहा अभियान

 यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशानुरूप टीबी मुक्त भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने में सभी नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है, यह एक संक्रामक (फैलने वाली बीमारी) है, इसे जड़ से खत्म करने के लिए ईलाज आवश्यक है, जो सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध है। इस योजना के तहत मुफ्त जांच के साथ टीबी रोगी को खुराक के लिए प्रतिमाह 1 हजार रूपये की राशि सरकार के द्वारा दी जा रही है। साथ ही पूरा उपचार पूरी तरह से निःशुल्क है अतः टीबी रोगी के परिजन व आम नागरिक जागरूक रहकर अपने-अपने गांवों को इस बीमारी से मुक्त करावे। 

डेयरी सिस्टम को मजबूत कर रही सरकार

 यादव ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को पशुपालन के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने के अवसर को प्रदान करने के लिए क्षेत्र में डेयरी सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। भारत सरकार की राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना के तहत पशुओं की नस्ल में सुधार की योजना है, जिससे उत्तम नस्ल के दुधारू पशु प्राप्त हो सकेंगे। 
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल की समस्या के निदान के लिए सरकार ईआरसीपी योजना लेकर आई है, जिसका कार्य केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा आपसी समन्वय के माध्यम से तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में अवगत कराने के साथ-साथ बजट घोषणा में मिली अनेक सौगातों, ई-लाइब्रेरी बनाने की मुहिम व अलवर सांसद खेल उत्सव के माध्यम से युवाओं को एक प्लेटफार्म मिलने से मिल रहे प्रोत्साहन के बारे में बताया। उन्होंने खेलों की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के युवा और बच्चों को नशे जैसी बूरी आदतों से दूर रखने के लिए खेलों की आवश्यकता अधिक हो चली है।

ई-लाइब्रेरी के माध्यम से युवाओं को मिलेगी बेहतर शिक्षा

 यादव ने बिचपुरी कार्यक्रम के दौरान गांव में हाल ही में ई-गुरूकुल अभियान के तहत निर्मित ई-लाईब्रेरी भवन का निरीक्षण कर जल्द ही फर्नीचर सहित अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के 101 गांवों में इस प्रकार की मुहीम का शुभारंभ किया है, अलवर जिले में ई-गुरूकुल अभियान चलाकर अब तक 66 ई-लाइब्रेरी बनाई जा चुकी है। साथ ही और लाइब्रेरियां भी प्रगतिरत है। उन्होंने कहा कि, आज का दौर डिजिटलाइजेश का है, आने वाले समय में ज्यादातर कार्य ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे, ऐसे में ई-लाइब्रेरी का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। इन लाइब्रेरियों से ज्ञान प्राप्त कर युवा अपना लक्ष्य प्राप्त करने के साथ देश की तरक्की में योगदान कर सकेंगे। 

कार्यक्रम के दौरान विधायक बहरोड़ डॉ. जसवन्त सिंह यादव, जिला प्रमुख अलवर बलबीर सिंह छिल्लर, भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष  महासिंह चौधरी,पंचायत समिति बहरोड़ प्रधान सरोज बस्तीराम यादव, अलवर क्रिकेट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मोहित यादव, मंडल अध्यक्ष प्रशांत यादव,जिला पार्षद सुनिल प्रवक्ता,बलवान सिंह यादव, इंदर यादव सहित जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल,उपखंड अधिकारी नीमराणा महेंद्र सिंह,उपखंड अधिकारी बहरोड़ रामकिशोर मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी राज, डीएसपी सचिन शर्मा सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

प्यार, जासूसी और धोखा का परिणाम है लव जिहाद, जानिए कैसे फंसी इस जाल में ज्योति मल्होत्रा और उससे पहले IFS ऑफिसर माधुरी गुप्ता...?

बहरोड़ SDM के रीडर को 70 हजार की रिश्वत लेते ACB ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार, SDM रामकिशोर मीणा के लिए ली थी राशि।

ऊँटोली के द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में नींव करौरी बाबा के मंदिर का मनाया स्थापना दिवस, अर्पण सेवा फाउंडेशन बहरोड द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं व ग्रामवासियों के लिए बैठने के लिए भेंट की 10 सीमेंटेड चेयर।