ऊर्जा राज्यमंत्री नागर ने बानसूर के भूपसेडा स्थित सोलर संयंत्रों का किया अवलोकन।
कोटपूतली बहरोड़, 18जून। ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने बुधवार को बानसूर के भूपसेडा में पीएम कुसुम योजना में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों का निरीक्षण किया। नागर ने करीब 9 मेगावाट क्षमता के इन संयंत्रों के अवलोकन के दौरान कहा कि पीएम कुसुम योजना एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सस्ती एवं सुलभ सौर ऊर्जा के उपयोग में राजस्थान तेजी से आगे बढ़ रहा है। खासकर कुसुम योजना के कंपोनेंट-ए और कंपोनेंट -सी के अंतर्गत स्थापित हो रहे सौर संयंत्रों में प्रदेश अग्रणी है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता के साथ साथ किसान को ऊर्जादाता बनाने की दिशा में यह योजना अहम है।
राज्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा क्षेत्र में देश ने बड़ी क्रांति देखी है और इसमें किसानों की अहम भूमिका है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर किसानों को सब्सिडी के माध्यम से सौर ऊर्जा प्लांट लगाने में मदद कर रही है। इससे किसानों को कम लागत में पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो रही है और खेती में आत्मनिर्भरता बढ़ रही है।
इस दौरान नागर ने प्लांट परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण के प्रति आमजन को जागरूक करने का संदेश भी दिया.
कोटपूतली सर्किल के अधीक्षण अभियंता मनोज गुप्ता ने सौर ऊर्जा संयंत्रों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इनसे 33/11केवी जीएसएस कल्याण नगर व बालावास को विद्युत आपूर्ति की दी जाती है। उन्होंने बताया कि सोलर संयंत्रों से जुड़े हुए पावर हाउस से निकलने वाले फीडर व उनसे जुड़े हुए कृषि कनेक्शन वाले किसानों को दिन में बिजली मिल रही है।
भूपसेडा पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने जेसीबी से पुष्प वर्षा कर व 151 किलो की माला से माल्यार्पण कर माननीय मंत्री का स्वागत अभिनन्दन किया। इस मौके पर बानसूर एसडीएम अनुराग हरित, तहसीलदार गजेंद्र सिंह राठौड़, विकास अधिकारी महेंद्र सैनी सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment