जिले को हरियालों राजस्थान के तहत मिला 15 लाख पौधारोपण का लक्ष्य, जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश। 27 जुलाई को हरियाली तीज के अवसर पर आयोजित होगा जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम, जिले में 3 लाख पौधारोपण का लक्ष्य।

कोटपूतली-बहरोड़, 22 जुलाई। हरियाली, जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास अब राजस्थान की शासन प्राथमिकताओं में शीर्ष पर हैं।


राजस्थान का पहला ग्रीन बजट : विकास और पर्यावरण का संतुलन

भजनलाल सरकार ने 2025-26 के लिए प्रदेश का पहला ग्रीन बजट पेश कर एक अलग शुरुआत की है। इस बजट में राज्य के कुल स्कीम खर्च का 11.34 प्रतिशत, यानी 27,854 करोड़ रुपये ग्रीन ग्रोथ से जुड़ी परियोजनाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक राज्य संयुक्त राष्ट्र के सस्टेनेबल डवलपमेंट गोल्स को हासिल करे। इसके लिए जलवायु अनुकूलन की पांच वर्षीय योजना तैयार की जा रही है और एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर क्लाइमेट चेंज की स्थापना की जाएगी, जिससे पर्यावरणीय शोध और नीति निर्माण को मजबूती मिलेगी।


हरियालो राजस्थान अभियान : एक जनआंदोलन बना पर्यावरण मिशन
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार ने ‘हरियालो राजस्थान’ महाअभियान शुरू किया है। पिछले मानसून में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है बल्कि इससे जुड़े ‘मातृ वन’ और ‘स्मृति वन’ जैसी संकल्पनाएं इसे एक भावनात्मक आंदोलन बना रही हैं। हर जिले में आमजन की भागीदारी से मातृ वन बनाए जा रहे हैं, जहाँ नागरिक अपने परिजनों की स्मृति में वृक्ष लगाकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस अभियान को डिजिटल रूप से ट्रैक करने के लिए ‘हरियालो राजस्थान’ मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है।

जिले को मिला 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

हरियालो राजस्थान एवं मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महा अभियान के तहत जिला कोटपुतली बहरोड़ में विभागवार 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हरियालो राजस्थान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण करना, जैव विविधता को बढ़ावा देना, जलवायु संतुलन को बनाए रखना तथा स्थानीय समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित कर एक जन आंदोलन बनाना है। वन विभाग कोटपुतली बहरोड़ द्वारा विभिन्न नर्सरियों में 15.44 लाख के लगभग पौधों को तैयार किया गया है, नर्सरियों में कांटेदार, फलदार तथा छायादार पौधों की विभिन्न प्रजातियों को तैयार किया गया है जिसमें सहजन, अशोक, करंज, शीशम, नीम, गुलाब, अमरूद, कचनार, आम, प्रमुख है जिसे आम नागरिक ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से खरीद कर सकते है। उन्होंने बताया कि सरकारी नर्सरियों में कांटेदार प्रजाति के पौधे 5 रुपए प्रति पौधा, 2 फीट की ऊंचाई वाले के 6 रुपए, 2-3 फीट वाले के 10 रुपए, 3-5 फीट ऊंचाई वाले के 15 रुपए, 5-8 फीट वाले के 25 रुपए, 8-10 फीट वाले के 50 रुपए एवं 10 फीट से ज्यादा ऊंचाई वाले के पौधे के लिए 75 रुपए निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को 2 लाख, शिक्षा विभाग 6 लाख, वन विभाग 90 हजार, स्थानीय नगर निकाय 1.25 लाख, सार्वजनिक निर्माण विभाग 15 हजार, विद्युत निगम 10 हजार, खनन विभाग 1 लाख, कृषि विभाग 50 हजार, उद्यानिकी 25 हजार, जल ग्रहण विकास विभाग 5 हजार, आईसीडीएस 5 हजार, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग 10 हजार, पशुपालन 10 हजार, पीएचईडी 10 हजार, रीको घिलोट 1 लाख, रीको नीमराना 1 लाख, आयुर्वेद विभाग 1 हजार, परिवहन विभाग 1 हजार, पुलिस विभाग 5 हजार एवं अन्य विभागों को 37 हजार वृक्षारोपण का लक्ष्य दिया गया है।

27 जुलाई को आयोजित होगा वन महोत्सव

हरियाली तीज महोत्सव के अवसर पर 27 जुलाई को कृषि महाविद्यालय पाथरेड़ी में जिला स्तरीय वन महोत्सव के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें सभी विभागों, संस्थानों तथा आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हरियाली तीज पर जिले में 3 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया हैं।

जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने हरियालो राजस्थान अभियान एवं वन महोत्सव के संदर्भ में संबंधित विभागों को लक्ष्यानुरूप तैयारियां समय पर पूर्ण करते हुए गढ्डे (पिट) तैयार करवाने, पौधों की देखभाल के उपाय सुनिश्चित करने, पानी की व्यवस्था करने, पौधारोपण करने, आमजन को अभियान से जुड़कर अधिकाधिक पौधारोपण करने हेतु जागरूक करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पौधारोपण की प्रगति नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज कराएं।

#environment #KotputliBehror #ekpedmaakenaam

Comments

Popular posts from this blog

प्यार, जासूसी और धोखा का परिणाम है लव जिहाद, जानिए कैसे फंसी इस जाल में ज्योति मल्होत्रा और उससे पहले IFS ऑफिसर माधुरी गुप्ता...?

बहरोड़ SDM के रीडर को 70 हजार की रिश्वत लेते ACB ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार, SDM रामकिशोर मीणा के लिए ली थी राशि।

ऊँटोली के द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में नींव करौरी बाबा के मंदिर का मनाया स्थापना दिवस, अर्पण सेवा फाउंडेशन बहरोड द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं व ग्रामवासियों के लिए बैठने के लिए भेंट की 10 सीमेंटेड चेयर।