जिला कलक्टर ने सफाई व्यवस्था, योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर नगर परिषद एवं नगर पालिका अधिकारियों की ली बैठक।
कोटपूतली-बहरोड़, 15 जुलाई। "सभी योजनाओं का लाभ हर एक पात्र तक पहुँचाना सुनिश्चित करें, सफाई व्यवस्था पुख्ता रखें।" जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी ने यह निर्देश मंगलवार को आयोजित बैठक में सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए। बैठक में नगर परिषद आयुक्त एवं जिले के समस्त अधिशाषी अधिकारी (ईओ) उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर ने नगर पालिकावार संपर्क पोर्टल के बारे में विस्तार से समीक्षा की एवं आमजन के परिवादों और संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए कहा की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्राथमिकता के साथ काम करें, पोर्टल पर एवरेज डिस्पोजल समय में कमी लाएं।
उन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई करवाने, घर-घर से कचरा संग्रहण की उचित व्यवस्था करवाने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा संग्रहण नहीं करने हेतु पाबंद करने, सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए साथ ही शहरी इलाकों के सौंदर्यीकरण करने हेतु आवश्यक प्रयास व दिशा-निर्देशों कि पालना पूर्ण करने को कहा। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर संबंधित टेंडर फर्म को नोटिस जारी करते हुए पाबंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों, सरकारी भवनों और अन्य क्षेत्रों में सफाई अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही ठोस और गीले कचरे के पृथक्करण को सुनिश्चित करने, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, कचरा डिस्पोजल प्लांट्स, डंपिंग यार्ड, जलभराव वाले स्थानों की सफाई, पार्कों की सफाई, बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा कर सक्रियता से कार्य करने को कहा साथ ही नियमित सफाई की निगरानी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा की जिले में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और आमजन को भी जागरूक किया जाए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक प्रयास करें और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें। जिला कलक्टर ने अधिकारियों से फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति की समीक्षा कर योजना के तहत पात्रों को सरकार की मंशानुरूप लाभ पहुंचाने को कहा। उन्होंने अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत संचालित रसोइयों की स्थिति की जानकारी लेकर अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए व अधिक आवागमन वाले स्थानों को चिन्हित कर रसोई संचालन को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री शहरी रोजगार योजना के तहत किए जाने वाले कार्य व वितरित जॉब कार्ड के सम्बन्ध में रिपोर्ट की समीक्षा की साथ ही अमृत सरोवर, सीवरेज प्रोजेक्ट, पेंशन सत्यापन के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण, नगर परिषद कोटपूतली आयुक्त धर्मपाल जाट, नगर परिषद आयुक्त बहरोड़ नूर मोहम्मद, ईओ पावटा फतेह सिंह मीणा,बानसूर विशाल यादव, नीमराना राहुल अग्रवाल उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment