"राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले लोग कर रहे हैं भर्तृहरि नगर नाम का विरोध" - भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री
दिल्ली। अलवर सांसद और केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज दिल्ली आवास पर खैरथल के प्रबुद्धजन और पत्रकारों से खैरथल-तिजारा जिले का नाम भर्तृहरि नगर रखने और जिले के विकास को लेकर चर्चा की।
इस दौरान भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने खैरथल-तिजारा जिले को राजा भर्तृहरि के नाम पर भर्तृहरि नगर के रूप में एक बड़ा सम्मान प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि खैरथल-तिजारा जिले का नाम परिवर्तन कर भर्तृहरि नगर रखने का विरोध वही लोग कर रहे हैं जो राम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध कर बाबरी मस्जिद का समर्थन करते थे। यही लोग, जब सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सरकार में भगवान श्रीराम के संबंध में शपथ पत्र दाखिल करने को कहा, तो बोले थे कि राम का कोई अस्तित्व नहीं है, और इसीलिए ये लोग लोकदेवता बाबा भर्तृहरि का भी अपमान करने पर तुले हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस विरोध में जनता उनके साथ नहीं है। सब जानते हैं कि बाबा भर्तृहरि के नाम पर एक महीने तक पूरी रात उनकी कथा पर भावपूर्ण नाटक का मंचन होता है। लाखों लोग उनकी तपोस्थली पर जाकर अपने जीवन को सद्मार्ग पर ले जाने की प्रेरणा लेते हैं। जिले में ऐसा कोई घर नहीं है, जहाँ भर्तृहरि के नाम पर सद्भावना का भंडारा न किया जाता हो।
उन्होंने कहा कि यह योग और तपस्या की धरती है। ऐसे में, जब एक नया जिला बना है, तो उसका नाम बाबा भर्तृहरि के नाम पर रखा जाना हम सबका सौभाग्य है।
भिवाड़ी के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बीड़ा उठाकर BDA (भिवाड़ी डेवलपमेंट अथॉरिटी) बनाकर जिले के समग्र विकास को गति दी है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही जिले में सेशन कोर्ट नियुक्त किया गया है, जिसके लिए ज़मीन भी चिन्हित हो गई है और जल्द ही कोर्ट का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में मैन्युफैक्चरिंग में यह जिला सबसे आगे है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विज़न को लेकर भिवाड़ी और खैरथल में क्षमता है कि हम मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भर्तृहरि नगर को देश का नंबर वन जिला बना सकें।
उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए जल्द ही एक अथॉरिटी बनाई जाएगी, जिले में मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, जिला अस्पताल, बस डिपो, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित अन्य जिला स्तरीय कार्यालय का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भिवाड़ी के विकास में बाधा बन रहे दूषित जल भराव का भी जल्द समाधान किया जाएगा। साथ ही, जिले में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए चंबल-भरतपुर बृहद् पेयजल परियोजना के साथ ही अन्य कई योजनाओं को गति प्रदान की जाएगी।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, जिला प्रमुख बलवीर सिंह छिल्लर, मुंडावर के पूर्व विधायक मनजीत चौधरी, भाजपा नेत्री डॉ. अंजली यादव, खैरथल नगर परिषद सभापति हरीश रोघा, युवा नेता इंदर सिंह यादव सहित अन्य प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment