पावटा और कोटपुतली में जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह ने किया शिविरों का निरीक्षण, लाभार्थियों को वितरित किए पट्टे और चैक।
कोटपूतली-बहरोड़, 23 सितम्बर। प्रदेश में आयोजित “शहरी सेवा शिविर 2025” आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बन रहे हैं। राज्यमंत्री, राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग, राजस्थान सरकार एवं जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह ने मंगलवार को नगर पालिका पावटा और नगर परिषद कोटपुतली में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर जनता से संवाद स्थापित कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का हाथों-हाथ लाभ प्रदान किया।
नगर पालिका पावटा द्वारा वार्ड 16 और 22 के लिए कार्यालय परिसर में और नगर परिषद कोटपुतली द्वारा वार्ड 11 और 12 एवं 19 से 23 के लिए कार्यालय परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविरों में सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने स्टोलवार विभागों द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी लेकर आमजन को योजनाओं के बारे में अधिकाधिक जागरूक कर लाभान्वित करने को कहा. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान सुशासन और पारदर्शिता की ऐसी तस्वीर पेश कर रहा है, जिसमें प्रशासन जनता के द्वार पर खड़ा है।”
उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही स्ट्रीट लाइट, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जनाधार, सफाई एवं आवारा पशु संबंधी प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में जिला प्रशासन, नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान और अधिक प्रभावी बन रहा है। अधिकारी व कार्मिक इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतें.
सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने जीवन को सशक्त एवं समृद्ध बनाएं। उन्होंने कहा की शहरी सेवा शिविर 2025 ने यह साबित कर दिया है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य केवल घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘जनसेवा को जनआंदोलन’ में बदलना है। एक ही स्थान पर जनता के विभिन्न कार्य हो रहे हैं. उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन की परीवादों का संवेदनशील होकर सजगता से निस्तारण करे, गरीब, मध्यमवर्ग, किसान, महिला व अंतिम छोर तक खड़े हर पात्र तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं.
उन्होंने सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशन में सरकार ने 1.5 साल में अभूतपूर्व विकास की सौगातें दी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी की दरों में कमी कर के प्रत्येक वर्ग को दीवाली का उपहार दिया है, जिसके लिए हम सभी उनका आभार व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि टैक्स स्लैब में कमी होने से आमजन की क्रय शक्ति बढ़ेगी व देश की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी.
इस दौरान विधायक विराटनगर कुलदीप धनखड़ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिविरों का लाभ उठाने के लिए आमजन से अपील की एवं क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य अतिथियों ने पावटा शिविर में पीएम आवास योजना (2.0) के अन्तर्गत 18 लाभार्थियों को 50 हजार की प्रथम किस्त के प्रतीकात्मक चैक, कृषि भूमि नियमन के 3 पट्टे और नगर परिषद कोटपुतली में शिविर निरीक्षण के दौरान पीएम आवास योजना के तहत 3 लाभार्थियों को 30-30 हजार के चैक, कृषि भूमि नियमन पट्टे योजना के तहत 3 लाभार्थियों को पट्टे, पट्टा नामांतरण के तहत 10 को सर्टिफिकेट एवं 1 लाभार्थी को पट्टा उप विभाजन योजना के तहत पट्टा वितरित किया।
पावटा शिविर निरीक्षण के दौरान विधायक कुलदीप धनखड़, एसडीएम पावटा कपिल कुमार उपाध्याय, अधिशाषी अधिकारी फतेह सिंह मीणा एवं कोटपुतली नगर परिषद शिविर निरीक्षण के दौरान विधायक कोटपुतली हंसराज पटेल, नगर सभापति पुष्पा सैनी, जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, एसडीएम बृजेश चौधरी, एएसपी वैभव शर्मा, नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment