कोटपूतली में अष्टम राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन, जिला कलेक्टर गोस्वामी ने कहा फास्ट फूड नहीं मोटे अनाज का करें उपयोग।
कोटपूतली-बहरोड़, 15 अक्टूबर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अष्टम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं पोषण मेले का आयोजन होटल राज महल पैलेस, कोटपूतली के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने पोषण मेले एवं व्यंजन प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर 2025 तक अष्टम राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में बुधवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पोषण माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
जिला कलेक्टर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पोषण माह के तहत आईसीडीएस विभाग द्वारा सभी शिविरों में श्री अन्न से बने व्यंजनों की रेसिपी प्रदर्शित की गई, ये एक सराहनीय प्रयास है। शिविरों में बाजरे का केक जैसी रेसिपी भी प्रस्तुत की गईं, ताकि आमजन को मोटे अनाजों का महत्व समझ में आए और वे फास्ट फूड के स्थान पर श्री अन्न का उपयोग करें।
आईसीडीएस उप निदेशक सतपाल यादव ने बताया कि पोषण अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण की देखभाल, इससे संबंधित उत्तम प्रथाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा समाज के विभिन्न हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए इसे एक जनआंदोलन का रूप देने हेतु विभिन्न थीम आधारित गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अष्टम राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार है।
इस मुख्य थीम के साथ-साथ विभिन्न उप-थीमों पर भी आंगनवाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों, सेक्टरों, परियोजनाओं एवं जिला स्तर पर विविध गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें प्रमुख रूप से मोटापे से निपटना—नमक, चीनी एवं तेल के उपयोग में कमी लाना, प्रारम्भिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) “पोषण भी, पढ़ाई भी”, शिशु एवं कम उम्र के बच्चों का पूरक आहार (IYCF), “वोकल फॉर लोकल”, पोषण एवं देखभाल में पुरुषों की भागीदारी और “एक पेड़ माँ के नाम” शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जिले के 1263 आंगनवाड़ी केंद्रों, 46 सेक्टरों एवं परियोजना स्तर पर पोषण माह के दौरान प्रतिदिन थीम आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं तथा उनकी प्रविष्टियां जनआंदोलन डैशबोर्ड पर दर्ज की गईं। ग्राम सेवा शिविरों के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में मोटे अनाज एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों पर आधारित पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आयोजित महिला चिकित्सा शिविरों में भी पोषण माह से संबंधित विशेष गतिविधियां संपादित की गईं।
Comments
Post a Comment