केंद्रीय वन मंत्री तथा वन राज्यमंत्री ने केडलगंज व्यापारिक संचालन समिति की नवीन कार्यकारिणी को दिलाई शपथ।

अलवर 29 अक्टूबर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव तथा वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने आज नवीन कृषि उपज मंडी में केडलगंज व्यापारिक संचालन समिति की नवीन कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत कर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। 
केंद्रीय वन मंत्री ने नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंडी के उन्नयन एवं विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि मंडी के विकास के लिए सभी मांगों पर सकारात्मक कदम उठाकर उन्हें पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-गुरूकुल के माध्यम से जिले के सरकारी विद्यालयों में 108 ई-लाइब्रेरी बनाई गई है तथा युवाओं के अच्छे स्वास्थ्य हेतु अलवर सांसद खेल उत्सव शुरू किया गया है, जिसमें बडी संख्या में युवाओं ने बढ चढकर भाग लिया। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष आयोजित अलवर सांसद खेल उत्सव में 13 हजार से अधिक प्रतिभागी रहे तथा आज से प्रारम्भ हुए अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 में 50 हजार से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि अलवर को स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में अलवर शहर 54वें स्थान पर रहा है तथा अलवर शहर को स्वच्छता रैंकिंग में देश के टॉप 10 शहरों में लाने के लिए निरन्तर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अलवर में इंटीग्रेटेड वेस्ट मेनेजमेंट प्लांट शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से कचरे का समुचित निस्तारण होगा। उन्होंने कहा कि अलवर में ट्यूरिज्म की अपार संभावनाएं है। 8 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की टाइगर मैराथन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें देश-दुनिया के लोग अलवर आएंगे, इसके लिए अलवर के पर्यटन को बढाने हेतु स्वच्छ अलवर बनाने की दिशा में और अधिक कार्य करने की आवश्यकता है। देश में सबसे बडी कचरे की समस्या सिंगल यूज प्लास्टिक है। उन्होंने अतुल्य अलवर अभियान व स्वच्छ अलवर अभियान से जुडकर अलवर शहर के साथ मंडी परिसर को स्वच्छ बनाने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के लिए प्लास्टिक वेस्ट नीति लाई गई है, जिसके तहत सिंगल यूज प्लास्टिक को स्थाई रूप से समाप्त करने का काम कर बायोडिग्रीडेबल प्लास्टिक तैयार किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इज ऑफ डूइंग बिजनेस का मंत्र दिया है जिसका उद्देश्य व्यापार को सुगम और आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि जीएसटी से पूर्व इनडायरेक्ट टैक्स का भार अधिक मात्रा में आम आदमी की जेब पर पड़ता था, देश में प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी के रूप में एक टैक्स का सिस्टम लागू किया जिससे चुंगी व नाके समाप्त हुए एवं अंतरराज्यीय व्यापार सुगम व तीव्र हुआ। उन्होंने कहा कि जीएसटी 2.0 के तहत स्लैब की संख्या को दो करने से दीपावली पर रिकॉर्ड मात्रा में खरीददारी हुई। उन्होंने कहा कि घरेलू उत्पादन की वस्तुओं एवं कृषि क्षेत्र में जीएसटी कम होने से आम आदमी को बड़े स्तर पर लाभ पहुंचा है।

वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि  मंडी के विकास एवं व्यापारियों के हित में नवीन कार्यकारिणी अपना काम पूर्ण मनोयाग से करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में अलवर संसदीय क्षेत्र का निरन्तर चहुंमुखी विकास हो रहा है। हाल ही केंद्रीय मंत्री के प्रयासों से अलवर रेलवे स्टेशन के विकास हेतु 120 करोड रूपये की योजना को मंजूरी मिली है जिसका लाभ निश्चित रूप से अलवर के आमजन को मिलेगा। साथ ही यात्रियों की सुविधा में विस्तार करने व यात्रा को सुगम बनाने हेतु जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव कराया गया है। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में पेश किए गए दोनों बजटों में अलवर जिले को विशेष सौगातें मिली है जिनमें अलवर शहर को पेयजल योजना, बायोलॉजिकल पार्क, साइंस पार्क, शिशु वार्ड का चिकित्सालय में अपग्रेडेशन, शिवाजी पार्क पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करने, मूंगस्का पीएचसी को भारत सरकार के प्रोजेक्ट में सम्मिलित करने, बेटियों के लिए कन्या महाविद्यालय, पोलेटेक्निक महाविद्यालय, डिप्टी एसपी ऑफिस आदि सौगातें शामिल हैं। साथ ही इस वर्ष शहर की पेयजल समस्या के निदान हेतु केंद्रीय मंत्री यादव ने मुख्यमंत्री से संवाद किया जिस पर शहर के लिए मुख्यमंत्री ने 100 बोरिंग की सौगात दी। इससे आने वाले समय में शहर में पेयजल समस्या का स्थाई निदान होगा। उन्होंने कहा कि अपराधमुक्त व स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में 54वें व वायु सर्वेक्षण में देश में 3 तीसरे स्थान पर अलवर शहर रहा है। आने वाले समय में स्वच्छता में अलवर देश के शीर्ष 10 शहरों में सम्मिलित होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से अलवर सांसद खेल उत्सव के माध्यम से संसदीय क्षेत्र अलवर के युवाओं को खेल मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढाने का काम किया है। 
इस दौरान जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, सरस डेयरी चैयरमेन नितिन सांगवान, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, कृषि विपणन के उपनिदेशक राम बिलास यादव, मंडी सचिव अंजू जाटव, विजय डाटा, राजस्थान खाद्य पदार्थ संघ कार्यकारिणी अध्यक्ष सुरेश चन्द्र जलालपुरिया, कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष सत्यविजय गुप्ता, उपाध्यक्ष नारायण लाल व  हितेश गोयल, पूर्व अध्यक्ष अनिल गुप्ता, हितेश गोयल,विजय गोयल,दीपक गुप्ता, ओमप्रकाश, संजय नरुका, ऋषिराज शर्मा,पं. जले सिंह, सतीश यादव, महेश निहालवानी, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, राजेन्द्र कसाणा, सुनील शर्मा, सागर यादव,दौलत शर्मा,अशोक वर्मा सहित प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में व्यापारीगण व आमजन मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

प्यार, जासूसी और धोखा का परिणाम है लव जिहाद, जानिए कैसे फंसी इस जाल में ज्योति मल्होत्रा और उससे पहले IFS ऑफिसर माधुरी गुप्ता...?

बहरोड़ SDM के रीडर को 70 हजार की रिश्वत लेते ACB ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार, SDM रामकिशोर मीणा के लिए ली थी राशि।

ऊँटोली के द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में नींव करौरी बाबा के मंदिर का मनाया स्थापना दिवस, अर्पण सेवा फाउंडेशन बहरोड द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं व ग्रामवासियों के लिए बैठने के लिए भेंट की 10 सीमेंटेड चेयर।