जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका गोस्वामी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से SIR के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश किये साझा।
कोटपूतली-बहरोड़ 29 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) प्रियंका गोस्वामी ने बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण — 2026 (SIR) को लेकर चर्चा की तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश साझा किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर के दौरान सभी राजनैतिक दलों से सहयोग अपेक्षित है। राजनैतिक दलों के बूथ लेवल अभिकर्ता एसआईआर के दौरान समुचित सहयोग करें ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अपेक्षित गतिविधियां समयबद्ध ढंग से संपादित की सकें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण —2026 की प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने, नई प्रविष्टियों को शामिल करने तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है।
BLA-2 (बूथ लेवल अभिकर्ता-2) की नियुक्ति
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदान केन्द्र हेतु सम्बन्धित राजनैतिक दलों के BLA-1 द्वारा BLA-2 की नियुक्ति अनिवार्यतः की जानी है। यह विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में पारदर्शिता और सहभागिता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया कि वे समय पर बीएलए-2 की नियुक्ति करें और क्षेत्रीय स्तर पर मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें। BLA-2 का कार्य केवल दावे एवं आपत्ति तक सीमित न रहकर सम्पूर्ण SIR प्रक्रिया में BLO का सहयोग करना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देश भर में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा 27 अक्टूबर 2025 को कर दी गई है। राज्य में 28.10.2025 से कार्यक्रम आरंभ हो चुका है यह कार्यक्रम राजस्थान में 23 वर्ष पूर्व अंतिम बार 2002 में किया गया था। अतः उस वर्ष की मतदाता सूची को इस बार के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम हेतु आधार बनाया गया है। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य मतदाता सूचियों का पूरी तरह से जाँचने की एक प्रक्रिया है जिसमें सभी पात्र मतदाताओं के नामों को सूची में शामिल करने एवं अपात्र नाम सूची में सम्मलित न हो सके ताकि मतदाता सूची सटिक,पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनें। इस कार्यक्रम में बीएलओ के द्वारा प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर एक पूर्व मुद्रित गणना प्रपत्र प्रत्येक मतदाता से दो प्रतियों में आवश्यक दस्तावेज की जांच करते हुए भरवाया जायेगा। एक प्रति बतौर रसीद मतदाता को दी जायेगी एवं द्वितीय प्रति बीएलओ द्वारा ऑनलाईन करने के उपरांत चुनाव कार्यालय में जमा करवायी जायेगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता अपना गणना प्रपत्र ECI द्वारा अनुमोदित पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी ऑनलाईन कर सकता है जिसका सत्यापन बीएलओ द्वारा एप्प के माध्यम से किया जायेगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गये विभिन्न प्रश्नों, भ्रान्तियों एंव समस्याओं का समाधान किया गया।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अन्तर्गत बीएलओ द्वारा जिस मतदाता का ऑनलाईन अथवा ऑफलाईन गणना प्रपत्र भरकर सत्यापन किया जायेगा, उन्हीं मतदाताओं का मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में नाम सम्मिलित किया जायेगा अथवा प्रदर्शित होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि किसी भी स्थिति में कोई भी मतदाता गणना प्रपत्र भरने से वंचित न रहें।
भ्रामक खबरों व अफवाहों से बचें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर को लेकर भ्रामक व झूठी अफवाहों व खबरों से ध्यान न दें तथा इस प्रकार की अफवाहें आदि सामने आने पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में सूचित करें। निर्वाचन से संबंधित सभी गतिविधियाँ निर्वाचन आयोग के दिशा— निर्देशों के अनुरूप एवं निष्पक्षता की भावना से संपन्न की जाएंगी।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश सहारण सहित समस्त ईआरओ एवं एईआरओ और राजनैतिक दलों में बीजेपी से नीलम त्रिपाठी जिला मंत्री अलवर उत्तर,अशोक सुरोलिया एडवोकेट जिला कार्यालय प्रभारी,भीम सिंह गुर्जर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बानसूर, मुकेश सैनी मंडल अध्यक्ष बानसूर, सतीश निमोरिया नारेड़ा ब्लॉक भाजपा अध्यक्ष, जीतू नैनावत, सुरेश कुमार मीणा, अजित यादव, विकास शेखावत, बहरोड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास यादव अन्य मौजूद रहे।
अन्य महत्वपूर्ण बिंदु, 7 फरवरी तक चलेगा SIR
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 28 अक्टूबर 2025 से 7 फरवरी 2026 तक एसआईआर की प्रक्रिया चलेगी। 28 अक्टूबर से 3 नवबंर 2025 तक प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्र के मुद्रण का कार्य होगा। 4 नवबंर से 4 दिसंबर 2025 तक घर-घर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। 9 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएगी। 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक नोटिस फेज रहेगा जिसमें सुनवाई एवं सत्यापन किया जाएगा। 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
क्या है SIR :- मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण। मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट वोटर हटाए जाएंगे। नए योग्य मतदाता जुड़ेंगे। आजादी के बाद यह नौवां अभियान है। पिछला एसआईआर 2002 से 2004 के बीच हुआ था।
घर-घर पहुंचेगा बीएलओ - जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरवाएंगे। यदि कोई परिवार घर पर नहीं मिलता तो बीएलओ तीन बार प्रयास करेगा, तीनों बार न मिलने पर नोटिस चस्पा किया जाएगा। प्रत्येक फॉर्म में अलग क्यूआर कोड रहेगा जिससे अब ऑनलाइन भी भरा जा सकेगा. मृतक, स्थाई रूप से बाहर चले गए या डुप्लीकेट नाम को सूची से हटाया जाएगा।
Comments
Post a Comment