राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर राजस्थान सरकार के 2 वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों के बारे में दी विस्तार से जानकारी।
कोटपूतली-बहरोड़, 14 दिसम्बर। अध्यक्ष (मंत्री) राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने रविवार को कोटपुतली में प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2 वर्ष पूर्व प्रदेश की जनता ने सरकार पर भरोसा दिखाया और सेवा का मौका दिया। पिछले दो सालों में हमने प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम किया है।
राजस्थान सरकार के दो वर्ष सुशासन, विकास और विश्वास के दो वर्ष हैं, जिन्होंने प्रदेश की दिशा और दशा दोनों बदलने की ठोस शुरुआत कर दी है। प्रदेश सरकार के ये दो वर्ष प्रदेश के चहुंमुखी विकास और जन-जन के कल्याण को समर्पित रहे हैं।
इन दो वर्षों में सरकार ने न केवल नीतिगत सुधार किए हैं बल्कि धरातल पर दिखने वाले कामों से यह संदेश दिया है कि ईमानदार इच्छा शक्ति हो तो राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करना कोई दूर की बात नहीं। हमने केवल कहा नहीं, बल्कि करके दिखाया है, आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं। हमारे द्वारा संकल्प पत्र में कुल 392 संकल्प लिए गए थे जिसमें से 274 संकल्प या तो पूर्ण कर लिए गए या फिर प्रगतिरत हैं। हमने जनता से जो काम पांच साल में पूरे करने का वादा किया था, उनमें से 70% कार्य 2 वर्ष में ही कर चुके हैं। बजट घोषणाओं की बात करें तो पिछले दो वर्षों की गई कुल घोषणाओं में से 73 प्रतिशत घोषणाएं या तो पूर्ण हो चुकी है या प्रगतिरत है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने साफ नीयत, प्रभावी क्रियान्वयन और पूर्ण पारदर्शिता के साथ ऐसा प्रशासन दिया है, जिसने राजस्थान को देश के बेस्ट परफॉर्मर स्टेट की श्रेणी में पहुँचा दिया है। आज राजस्थान 11 राष्ट्रीय योजनाओं में प्रथम स्थान पर है, 5 योजनाओं में द्वितीय स्थान पर है, 9 योजनाओं में तृतीय स्थान पर है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की प्रतिबद्धता, मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। जहाँ पहले योजनाएँ फाइलों में दबा दी जाती थीं, वहीं हमने उन योजनाओं को ज़मीन पर उतारा, और सीधे जनता तक उनका लाभ पहुँचाया। इस दौरान कोटपुतली विधायक हंसराज पटेल व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment