77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, वंदे मातरम् थीम पर प्रदर्शनी का हुआ आयोजन।
कोटपूतली-बहरोड़, 25 जनवरी। राष्ट्रीय पर्व 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृति संध्या में जिले के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किये गये देशभक्तिपूर्ण रंगारंग कार्यक्रम में मंच पर सतरंगी संस्कृति साकार हो उठी। एक से बढ़कर एक देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों की प्रस्तुति से रविवार को राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटपूतली तालियों की गडगडाहट से गुंजायमान रहा।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी एवं अन्य अतिथिगण द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारम्भ किया गया।
विद्यार्थियों ने बिखेरे देशभक्ति के रंग
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता गीतों की प्रस्तुति दी गई जिनमें सेंटा किड्स द्वारा भगत आ गया, भारती पब्लिक स्कूल द्वारा द स्टोरी ऑफ आर्मी, आर सी आई स्कूल कोटपुतली द्वारा घर कब आओगे, इमानुअल मिशन सेकेंडरी स्कूल द्वारा पुलवामा अटैक, शिव सरस्वती स्कूल द्वारा देश रंगीला रंगीला, बसंत प्रभु आदर्श विद्या मंदिर द्वारा आरंभ है प्रचंड, सरदार गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा दिल है हिंदुस्तानी, गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा आओ जी पधारो म्हारे देश पर देशभक्ति व संस्कृति की झलक बिखेरती हुई मनमोहक प्रस्तुति दी गई। साथ ही प्रथम कक्षा के नन्हे विद्यार्थी 7 वर्षीय दिवेक रायका ने अपनी ओजस्वी कविताओं से जोश और ऊर्जा का संचार किया।
जिला कलेक्टर ने विद्यार्थियों व नन्हे बाल कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनकी हौसला अफजाई की व प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान किए।
इस दौरान राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन सभागार में उपस्थित अधिकारियो, विद्यार्थियों एवं आमजन द्वारा किया गया साथ ही जिला कलेक्टर व अथितियों एवं विद्यार्थियों द्वारा वंदे मातरम् की थीम पर लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
इस दौरान उपखंड अधिकारी कोटपूतली रामवतार मीणा, नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद, जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मीणा सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं राजकीय सरदार विद्यालय के प्राचार्य , विद्यालय स्टाफ, प्रतिभागी व विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी उपस्थित रहे. मंच संचालन स्वास्थ्य नोडल अधिकारी रविकांत जांगिड़ ने किया।
Comments
Post a Comment