एडीएम ओमप्रकाश सहारण ने देखी खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्य प्रणाली, आमजन के परिवादों के निस्तारण के लिए गठित विशेष अनुभाग की सराहना करते हुए और अधिक प्रभावी करने के दिए निर्देश।
कोटपूतली- बहरोड़, 2 जनवरी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने शुक्रवार को जिला रसद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर आमजन को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा की आमजन तक खाद्य सुरक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में अधिकारी सक्रियता से कार्य करते हुए सुनिश्चित करें की कोई भी पात्र योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने कहा कि आमजन को सरल भाषा में योजनाओं में पात्रता, लाभ, उद्देश्य और प्रक्रिया की जानकारी देकर अधिकाधिक प्रचार प्रसार करें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन के परिवादों के निस्तारण के लिए जिला रसद कार्यालय में संचालित विशेष अनुभाग की कार्य प्रणाली को देखा एवं सराहना करते हुए इसे और अधिक प्रभावी करने के निर्देश दिए साथ ही कहा कि कार्यालय में आने वाले परिवादियों की समस्याओं का त्वरित मौके पर ही निस्तारण करने के प्रयास करें।
एडीएम ने कार्यालय में आए परिवादियों से संवाद कर फीडबैक लिया एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा की एनएफएसए योजना आमजन के हितों से सीधी संबंधित योजना है, अत: जरुरतमंद तक लाभ पहुँचाने में संवेदनशीलता दिखायें व नियमानुसार कार्य करे वि किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरते साथ ही उपखण्ड स्तरों पर भी विशेष सैल का गठन कर आमजन को राहत पहुंचाएं।
इस दौरान जिला रसद अधिकारी शशि शेखर ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को कार्यालय की कार्यप्रणाली की जानकारी विस्तार से देते हुए बताया कि रसद विभाग द्वारा राशन कार्ड में एनएफएसए यूनिट संशोधन के तहत जोड़ने एवं हटाने, एनएफएसए यश/नो एवं ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं गिव-अप संबधी कार्य किए जाते हैं। उन्होनें गिव अप अभियान में पात्रता शर्तों की जानकारी देते हुए बताया कि जो राशन कार्ड धारक वाहन, आईटीआर, जमीन के आधार पर एनएफएसए पात्रता को निलंबित करने के प्रकरण पर प्रार्थना पत्र लेकर आवेदन करते हैं उनके परिवादों की नियमानुसार सुनवाई कर त्वरित निस्तारण किया जाता है। उन्होनें नई एफपीएस के आवेदन के संबंध में एवं अन्य विभागीय कार्य जिनमें राशन डीलर्स के परिवाद, फील्ड कार्यवाही, राशन कार्ड यूनिट संशोधन कमीशन बिल संबंधी परिवाद, आवंटन एवं वितरण संबंधित समस्या एवं एलपीजी आईडी मैंपिंग संबंधित कार्यों की जानकारी भी दी।
Comments
Post a Comment