केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने ली अलवर के चहुंमुखी विकास एवं अलवर टाइगर मैराथन के आयोजन के संबंध में बैठक, अलवर के चहुंमुखी विकास एवं पर्यटन को आगे बढाने में जनसहभागिता निभाने का किया आह्वान।
अलवर 03 जनवरी। केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने 8 फरवरी को आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन एवं अलवर के चहुंमुखी विकास के संबंध में बैठक लेकर विचार विमर्श कर विस्तृत चर्चा की।
केंद्रीय वन मंत्री यादव ने कहा कि अलवर को विकास, पर्यटन, खेल एवं शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए सतत प्रयास जारी हैं, जिसमें जिले के सभी वर्गों के सुझावों को भी आगे बढाया जाएगा। साथ ही इसमें सबकी सहभागिता एवं समन्वय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अलवर को स्वच्छ बनाने के साथ पर्यटन के क्षेत्र में विश्व पटल पर लाने के उद्देश्य से 8 फरवरी को पहली बार अलवर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश के विख्यात खिलाडी भाग लेंगे। जिसके आयोजन में पूरा जिला मेजबान रहेगा। इसके सफल आयोजन के लिए उन्होंने प्रशासन, सामाजिक संस्था, उद्योग संघ, होटल एसोसिएशन एवं सभी नागरिकों से समन्वय के साथ इसकी व्यवस्थाओं में सहयोग करने के लिए आह्वान किया।
उन्होंने अलवर के सडक व रेल तंत्र को मजबूत करने में स्वीकृत कार्यों, डेयरी के विस्तार, महिला स्वयं समूहों के माध्यम से महिला आर्थिक सशक्तिकरण, खेल सुविधाओं के विस्तार, ई-लाइब्रेरी कार्य, शहर की स्वच्छता व सौन्दर्यकरण, नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं में इजाफा आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा कर इन विषयों पर आए सुझावों को आगे बढाने की बात कही।
राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षिक, भौतिक व खेल सुविधाओं के विकास के संबंध में की विस्तृत चर्चा
उन्होंने जिले के राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक लेकर राजकीय महाविद्यालयों के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास, खेल विकास, ई-गुरूकुल आदि विषयों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने वर्तमान आधुनिक शिक्षा एवं खेल सुविधाएं जिले के विद्यार्थियों को मिल सके इसके लिए सामूहिक एवं सतत प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के साथ अन्य फण्ड से महाविद्यालयों में विकास कार्य कराए जाएंगे तथा महाविद्यालय के विकास फण्ड का समुचित उपयोग किया जावे।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जिले के पैरा मिल्ट्री फोसेस के अधिकारी, राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, उद्योग संघ, होटल एसोसिएशन एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment