विकसित भारत-जीरामजी योजना', सिर्फ रोजग़ार का वादा नहीं, यह स्थायी आजीविका की गारंटी है,यह योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत करेगी- विजय सिंह,जिला प्रभारी मंत्री
कोटपूतली-बहरोड़, 13 जनवरी। राज्यमंत्री, राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग, राजस्थान सरकार एवं जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह ने कहा कि 'विकसित भारत-जीरामजी योजना' से ग्रामीण जीवन में बड़े बदलाव आएंगे। उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत-जीरामजी योजना', सिर्फ रोजग़ार का वादा नहीं, यह स्थायी आजीविका की गारंटी है। यह योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत करेगी। सिंह ने सोमवार को ग्राम पंचायत बसई में आयोजित जनसुनवाई और रात्रि चौपाल के दौरान 'विकसित भारत- जीरामजी योजना' के प्रावधानों के बारे में जानकारी दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय विजन के अनुरूप ग्रामीण विकास का नया ढांचा तैयार करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान और मजदूर के विकास को केंद्र में रखकर नरेगा को नए प्रावधानों के साथ प्रस्तुत किया है।
सिंह ने कहा कि विकसित गाँव के लक्ष्य को लेकर शुरू की गई ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ का मुख्य उद्देश्य नरेगा की कमियों को दूर करना, व्यवस्था में पारदर्शिता लाना, भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाना और राज्यों के सहयोग से इस योजना का डिजिटलीकरण करना है। इसके साथ ही विकसित ग्राम पंचायतों का निर्माण, ग्राम पंचायतों को अपनी आवश्यकताओं के अनुसार विकास योजनाएँ तैयार करने का अधिकार देना और ग्रामीण सभाओं को सशक्त बनाना है।
सिंह ने कहा कि योजना के तहत मजदूरों को वर्ष में 125 दिन का रोजगार प्रदान किया जाएगा। मजदूरी की राशि सात दिनों के भीतर सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी और यदि भुगतान में 15 दिवस से अधिक देरी होती है तो मजदूरों को ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा। योजना के तहत एक नया ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड जारी किया जाएगा, जो काम मांगने, मजदूरी प्राप्त करने और अपने अधिकारों की मांग के लिए एक मजबूत और वैध दस्तावेज होगा। इसके तहत स्किल डेवलपमेंट को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यहां सुविधाओं की उपलब्धता के मद्देनजर कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने प्राप्त सभी परिवादों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे ग्रामीण —
रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मंत्री ने ग्रामीणों की परिवेदनाओं को संवेदनशीलता से सुना। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा प्रभारी मंत्री के समक्ष ग्राम पंचायत एवं ढाणियों में पेयजल आपूर्ति, विद्युत संबंधित, सड़क निर्माण, रास्ते पर अतिक्रमण, ग्राम पंचायत के परिसीमन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य परिवाद प्रस्तुत किये। जिनकी सुनवाई कर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवेदनाओं के निराकरण कि सूचना परिवादी को दी जाये तथा इसकी रिपोर्ट भिजवाये।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति के लिए संकल्पबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया।
जनसुनवाई में आए मुख्य परिवाद
ग्रामीणों ने इस दौरान कस्टोडियन भूमि संबंधी समस्या रखी जिसपर मंत्री ने जिला कलेक्टर को विशेष ध्यान देते हुए नियमानुसार कार्यवाही करने को कहा। ग्रामीणों ने जेजेएम के तहत ग्राम में डाली गई पाइप लाइन के लीकेज और तोड़ी गई सड़क की मरम्मत गुणवत्ता से नहीं होने का परिवाद रखा जिसपर अधीक्षण अभियंता पीएचईडी को आगामी एक माह में जांच कर संवेदक से गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने और पानी की टंकी की जर्जर अवस्था की जांच कर कार्यवाही करने को कहा तथा अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी को बसई से कोटपुतली सड़क निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की शिकायत पर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। इस दौरान पंचायत समिति परिसीमन, यातायात सुगमता हेतु अतिरिक्त बस संचालन, लाइब्रेरी में सुविधा उपलब्ध करवाने, आबादी विस्तार की लम्बित फाइल, आपसी सहमति से बंटवारे, कृषि बिजली कनेक्शन संबंधी परिवाद प्राप्त हुए।
इसके अतिरिक्त रात्रि चौपाल में विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। जिसमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, तारबंदी योजना, जल संचय जन भागेदारी अभियान, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, फार्म पौण्ड, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), सूर्य घर मुफ्त बिजली घर योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान सहित महिलाओं और युवाओं से संबंधित योजनाएं इत्यादि की जानकारी दी गई।
जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने जनसुनवाई में आए परिवादों के त्वरित निसतारण और निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, एसडीएम रामवतार मीणा, तहसीलदार रामधन गुर्जर सहित संबंधित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment