भिवाड़ी दुखान्तिका के बाद उद्योगों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन हरकत में, उद्योग संघठन के पदाधिकारियों को जिला कलेक्टर ने सुरक्षा मानकों को बनाए रखने,सेफ्टी एंड सिक्योरिटी सिस्टम विकसित कर समय-समय पर मॉक ड्रिल करने के दिए निर्देश।
कोटपूतली-बहरोड़, 18 फरवरी। जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी की अध्यक्षता में बुधवार को उद्योगों में सुरक्षा संबंधी समिक्षा बैठक एनआईए (एसोसिएशन भवन) निमराना के सभागार में आयोजित हुई। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई और अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि एवं औद्योगिक एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के सुरक्षा मानकों को बनाए रखें जिससे कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने सूक्ष्म और लघु औद्योगिक इकाइयां सयुक्त रूप से सेफ्टी एंड सिक्योरिटी सिस्टम विकसित करने एवं समय-समय पर मॉक ड्रिल करने, सॉलिड और लिक्विड अपशिष्ट पदार्थों का ठीक तरीके से निस्तारण करने के साथ-साथ औद्योगिक एसोसिएशन को निर्धारित प्रपत्र में सुरक्षा मानकों पर इंटरनल ऑडिट करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने रीको नीमराना और रीको घिलोठ के अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित इकाइयों का सुरक्षा मानकों पर टीम का गठन कर निरीक्षण कर 15 दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करे, रीको द्वारा आवंटित भूखंड पर वो ही गतिविधि की जाए जो आवंटन पत्र में निर्दिष्ट हो, यदि गतिविधि में परिवर्तन हो तो नियमानुसार परिवर्तन करवाए, भूखंड मालिक द्वारा यदि भूखंड किराए पर दिया जाता है तो नियमानुसार रिको में सूचना दी जाए ताकि उस भूखंड पर अवैध गतिविधियां न हो।
जिला पुलिसअधीक्षक देवेंद्र कुमार द्वारा इकाइयों को लेबर वेरिफिकेशन के लिए राजकॉप ऐप और सिटीजन ऐप के बारे में जानकारी दी गई। एडीएम ओमप्रकाश सहारण द्वारा औद्योगिक इकाइयों के लिए आवश्यक अग्निशमन उपकरण, फोम, अलार्म सिस्टम, पॉवर बैक अप, स्मोक डिटेक्टर जैसे सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
बैठक में सुरेश खींची अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना, भंवर लाल सैनी महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, राहुल भट्ट इकाई प्रमुख नीमराना, मनोज त्यागी इकाई प्रमुख घिलोठ, राजकुमार सेहरा क्षेत्रीय अधिकारी राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल नीमराना सहित कृष्ण गोपाल कौशिक नीमराना औद्योगिक संघ अध्यक्ष, अंशुन यादव केशवाना औद्योगिक संघ, जयप्रकाश , सोतानाला औद्योगिक संघ एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment