जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ओवरलोड वाहन, पुन: खोले गए अवैध कट पर कार्यवाही, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, लेन ड्राइव सिस्टम पर रहा फोकस।

कोटपूतली-बहरोड़, 18 फरवरी। जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई एवं एडीएम ओमप्रकाश सहारण भी मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित अवैध कट्स और ब्लैक स्पॉट्स को बंद करने के लिए की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए कहा कि संबंधित एजेंसी सुनिश्चित करें कि बंद कट्स पुनः शुरू ना हो साथ ही पुन: चालू किए गए अवैध कट्स का सर्वे कर बंद करें एवं नियमों की अवहेलना करने वाले के खिलाफ कार्यवाही करें। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरते।

उन्होंने कहा कि डीटीओ की टीम लगातार फील्ड में रहकर ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्यवाही कर उन्हें जब्त कर चालान करें, एंट्री प्वाइंट्स पर नाकाबंदी करें। उन्होंने एनएचआई के अधिकारियों को राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेशानुसार हाइवे के किनारे बिल्डिंग लाइन एवं कंट्रोल लाइन के भीतर स्थित अवैध निर्माणों को लेकर नियमानुसार सर्वे कर रिपोर्ट देने को कहा।

उन्होंने शहर में भारी वाहनों के आवागमन से सुगम यातायात में हो रही परेशानी को हल करने के लिए पुलिस, पीडब्ल्यूडी, डीटीओ, एनएचएआई के अधिकारियों की टीम गठित कर ट्रैफ़िक मैनेज एवं पार्किंग समस्या के अन्य विकल्प तलाश कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। 

आरएसआरडीसी, एनएचएआई, पीडब्लयूडी को सड़कों की स्थिति में सुधार के प्रयासों में गति लाने के लिए संयुक्त रूप से टीम बनाकर नियम अनुसार इंडीकेशन बोर्ड, साइनेज, घुमाव पर चेतावनी बोर्ड, सड़क किनारे अतिक्रमण, लाइट्स के लिए सक्रियता से कार्य करने को कहा.

उन्होंने ओवरस्पीडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, ग्रीन बेल्ट और डिवाइडर पर अवैध क्रॉसिंग प्वाइंट्स, मार्किंग, सड़क पेच वर्क, यू-टर्न, साइन बोर्ड का प्रभावी क्रियान्वयन एवं यातायात नियमों के बारे में प्रचार-प्रसार करने, आपातकालीन सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श कर संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। बीडीएम अस्पताल के सामने फुट ब्रिज का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने सहित निर्माणाधीन फ्लाइओवर का कार्य शीघ्र पूर्ण करने सहित दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

लेन ड्राइव सिस्टम की गंभीरता से पालना करें, पुलिस कार्यवाही में सहयोग करें- जिला पुलिस अधीक्षक

जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लेन सिस्टम का सख्ती से पालन करवाते हुए नियमानुसार ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग, सर्विस लाइन पर अतिक्रमण हटाने, राजमार्गों का नियमित अवलोकन करने, इंटरसेप्टर द्वारा हाईवे की मॉनिटरिंग करने का कार्य करें एवं गलत ओवरटेक वालो पर कार्यवाही करें एवं स्थानीय निकाय एवं एजेंसियों को आवारा पशुओं को हाईवे क्षेत्र से दूर रखने के कार्यों को गंभीरता से लें।

उन्होंने हाईवे पर अस्थाई बस स्टॉप को अन्यत्र शिफ्ट करने हेतु टीम गठित कर शीघ्र कार्यवाही करने को कहा, जिससे कि यात्री सड़क किनारे खड़े नहीं रहे। जिला पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि आई-रेड पर दर्ज प्रकरण जल्द निपटायें, आवश्यक स्थानों पर फेंसिंग या अवरोधक, डिवाइडर, रिफ्लेक्टर्स लगवाया जाना सुनिश्चित करें। 

जिले की ट्रांसपोर्ट एजेंसियों के प्रतिनिधियों से की चर्चा

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जिले की ट्रांसपोर्ट एजेंसियों के प्रतिनिधियों से सड़क सुरक्षा और यातायात सुगमता पर चर्चा करते हुए कहा कि लेन ड्राइव सिस्टम के अनुसार ही चले, जगह-जगह पुलिस और कैमरे द्वारा निगरानी रखी जा रही है, ओवरलोडिंग बिल्कुल नहीं करें, लाइसेंसधारी व प्रशिक्षित चालक ही रखें, नशे में वाहन नहीं चलायें, लगातार लंबे समय तक ड्राइविंग नहीं करायें, चालकों की स्वास्थ्य जांच (आंख, बीपी) करायें, ओवर स्पीडिंग नहीं करें, ओवरटेकिंग सावधानी से करें, ड्राइविंग के समय मोबाइल का उपयोग नहीं करें, कोहरा व बारिश में विशेष सावधानी बरतें, वजन बराबर तरीके से रखें, परमिट व दस्तावेज वैध रखें और रोंग साइड ड्राइविंग नहीं करे। उन्होंने कहा कि हाईवे किनारे पार्किंग बिल्कुल नहीं करें एवं वाहन पर नंबर प्लेट स्पष्ट नंबर दर्शाती हुई होनी चाहिए ना कि अस्पष्ट, टेढ़ी- मेढ़ी, टूटी हुई। 

जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात सुगम और दुर्घटना रहित बनाने में सहयोग करें, नियमों की अवहेलना करने पर चालक सहित नियोक्ता पर भी नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी, पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। इस पर ट्रांसपोर्टरों ने भी सहयोग की सहमति जताई।

बैठक में उपस्थित एसडीएम रामवतार मीणा, एएसपी नाजिम अली, नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद, डीएसपी अधीक्षण अभियंता पीडब्लयूडी रामावतार कुमावत, ट्रैफ़िक इंस्पेक्टर बाबूलाल, डीटीओ, एनएचएआई, आरएसआरडीसी, पीडब्लयूडी अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की दिशा में सुझाव दिए। 

Comments

Popular posts from this blog

प्यार, जासूसी और धोखा का परिणाम है लव जिहाद, जानिए कैसे फंसी इस जाल में ज्योति मल्होत्रा और उससे पहले IFS ऑफिसर माधुरी गुप्ता...?

बहरोड़ SDM के रीडर को 70 हजार की रिश्वत लेते ACB ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार, SDM रामकिशोर मीणा के लिए ली थी राशि।

ऊँटोली के द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में नींव करौरी बाबा के मंदिर का मनाया स्थापना दिवस, अर्पण सेवा फाउंडेशन बहरोड द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं व ग्रामवासियों के लिए बैठने के लिए भेंट की 10 सीमेंटेड चेयर।