जिला कलक्टर ने किया विभिन्न कार्यालयों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण, निर्माण गुणवत्ता व समयबद्धता बनाए रखने के दिए निर्देश...
कोटपूतली–बहरोड़,24 फरवरी। जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी ने मंगलवार को सरदार स्कूल के पास स्थित राजकीय अंबेडकर छात्रावास परिसर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला एवं ब्लॉक कार्यालय तथा सहायक निदेशक बाल अधिकारिता कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय निरीक्षण के दौरान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिला कलेक्टर ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर प्रत्येक पात्र को योजनाओं से लाभान्वित करने एवं जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में संधारित विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन कर सभी जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने को कहा।
छात्रावास का निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
जिला कलेक्टर ने कोटपूतली स्थित राजकीय अंबेडकर छात्रावास में छात्रों से संवाद करते हुए छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन एवं अध्ययन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने छात्रों को निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निर्माणाधीन राजकीय महाविद्यालय की प्रगति तेज़ करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने पाना देवी महाविद्यालय में निर्माणाधीन राजकीय महाविद्यालय स्तरीय बालिका छात्रावास का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन किया एवं निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता उपयुक्त रखने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गोपालपुरा रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास एवं राजकीय सावित्रीबाई फुले छात्रावास में छात्राओं से अध्ययन एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के मानक अनुरूप संचालन एवं नियमित समीक्षा के निर्देश दिए।
रामसिंहपुरा में निर्माणाधीन छात्रावास भवन का किया अवलोकन
उन्होंने रामसिंहपुरा में निर्माणाधीन छात्रावास भवन का अवलोकन कर भवन की ऊंचाई भू-तल से पर्याप्त रखने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थिति से बचाव सुनिश्चित हो सके। साथ ही खरखड़ी में निर्माणाधीन कामकाजी महिला छात्रावास के निरीक्षण के दौरान कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पीएम श्री विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
पुरणनगर के पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने विद्यालय में संधारित रजिस्टरों की जांच की तथा शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था एवं शिक्षण गुणवत्ता का अवलोकन किया गया। उन्होंने विद्यालय में सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने विद्यालय में पीएम श्री योजना के अन्तर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों के बारे में गहन निरीक्षण कर उनके नियमित संचालन की बात कही। विद्यालय में सोलर, हेल्थ कैम्प, बाल वाटिका, संविधान कक्ष, पुस्तकालय कक्ष, 21वीं सदी के कौशल, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, यूथ एण्ड ईको कल्ब, पोषाहार आदि गतिविधियों का अवलोकन किया।
उन्होंने कक्षा-कक्षों के निरिक्षण के दौरान विद्यार्थियों से विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों का फीडबैक लिया।उन्होंने विद्यार्थियों से प्रश्न पुछकर उनके शैक्षणिक स्तर का मूल्यांकन किया व सराहना कर उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एसडीएम रामावतार मीना और समाज कल्याण अधिकारी विपिन, सीबीईओ हिम्मत कौर पंवार, एसीबीईओ पूरणमल कसाना व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment