जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने ली अधिकारियों की बैठक, आमजन के परिवाद, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं पर रहा फोकस
कोटपूतली-बहरोड़, 2 अप्रैल। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने कहा कि संपर्क पोर्टल पर आमजन के परिवादों का गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण करें साथ ही बिजली, पानी, चिकित्सा जैसी आधारभूत सुविधाओं को निर्बाध आमजन तक पहुँचाने के कार्य को गंभीरता से लेंवे।
जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक आयोजित कर विभागवार विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने संपर्क पोर्टल, जनसुनवाई, जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रकरण के परीवादों का तुरंत निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार के कोर गवर्नेंस के तहत पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
पेयजल और विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें- डीएम
ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए जिला कलक्टर ने पीएचईडी को पेयजल की शुद्धता को ध्यान में रखते हुए खराब ट्यूबवेल, जल टंकियों की लीकेज, पम्पसेट आदि की जांच के लिए सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल में आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पुख्ता रखें। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शेष पाइपलाइन कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा मोटर पम्पों की मरम्मत के प्रस्ताव तत्काल भेजने तथा समर कंटिंजेंसी के तहत आकस्मिक कार्य समय पर पूर्ण करने को कहा।
जिला कलेक्टर ने विद्युत निगम के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए कार्य में गति लाने एवं आमजन की विद्युत संबंधी शिकायतों का तुरंत निपटारा करते हुए राहत पहुंचाने एवं लंबित कृषि विद्युत कनेक्शन पर शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।
मौसमी बीमारियों के मध्येनज़र तैयारियाँ पर्याप्त रखें
जिला कलक्टर ने कहा कि गर्मी के मद्देनजर हीट वेव, लू, ताप जैसी मौसमी बीमारियों के बढ़ने की संभावना भी अधिक हो जाती है, ऐसे में चिकित्सा विभाग अपनी मशीनरी को सजग रखते हुए आमजन को बेहतर इलाज उपलब्ध कराए साथ ही मौसम जनित बीमारियों के रोकथाम हेतु आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें। उन्होंने पर्याप्त दवा भंडार रखने एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं मरीजों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जिला कलेक्टर ने बैठक में बजट घोषणाओं, भूमि आवंटन, फ्लैगशिप योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं से जुड़े विभाग प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करें, समयबद्ध एवं लक्ष्यानुरूप प्रगति के लिए प्रयास तेज करें और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करवाएं। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, स्वनिधि योजना, विश्वकर्मा सहित अन्य योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने नगर निकायों को निर्देश देते हुए कहा कि कचरा संग्रहण और सफाई का कार्य समुचित ढंग से और मानकों के अनुरूप किया जाए साथ पीएम आवसा योजना 2.0 के तहत प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी विद्यालय जर्जर भवन में संचालित नहीं हो, मरम्मत योग्य भवनों की मरम्मत करवायें, वन विभाग को हरियालों राजस्थान के तहत लक्ष्यानुरूप कार्यवाही करने, जिला उद्योग महाप्रबंधक को राइजिंग राजस्थान के तहत किए गए एमओयू को धरातल पर उतारने, पंच गौरव को बढ़ावा देने, कृषि मंडी में किसानों को अधिक सुविधाएं देने और एमएसपी के बारे में जानकारी देने, राजस्व के लंबित प्रकरण निपटाने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने संपर्क पोर्टल, निरीक्षण, जनसुनवाई एवं जनसमस्याओं के निस्तारण पर विभागवार लंबित प्रकरणों पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनसमस्याओं का समाधान समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
बैठक में एएसपी नाजिम अली, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#kotputli #behror
Comments
Post a Comment