ग्रीष्मकाल में समर कंटिंजेंसी के तहत कार्य करते हुए निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें- अपर्णा गुप्ता, जिला कलेक्टर
कोटपूतली-बहरोड़, 7 अप्रैल। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य करें, आमजन की पेयजल आपूर्ति के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर तुरंत कार्यवाही कर आमजन को राहत पहुँचायें।
जिला कलेक्टर ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर निर्देशित किया कि आगामी ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए खराब ट्यूबवेल, जल टंकियों की लीकेज, पम्पसेट आदि की जांच कर आवश्यक सुधार करें। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल में आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पुख्ता रखें। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शेष पाइपलाइन कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा मोटर पम्पों की मरम्मत के प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पम्पसेटों को पुनः संचालित करने, खराब हैण्डपम्प सुचारू करने को कहा।
उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण कोई भी जल स्रोत बंद नहीं रहना चाहिए। उन्होंने पेयजल से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और लापरवाही पर कार्रवाई की बात कही। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रतिदिन जल आपूर्ति और मरम्मत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट कलेक्ट्रेट को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राजस्थान संपर्क पोर्टल 181 पर दर्ज प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करें।
उन्होंने राजकीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल उपलब्धता एवं लंबित परियोजनाओं, बजट घोषणाओं की क्रियान्विति एवं निविदा प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया। जिला कलक्टर ने जल सेवा आंकलन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया कि पीएचईडी विभाग अपने विकास कार्यों एवं विभागीय परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन संबंधी प्रकरणों में संबंधित उपखंड अधिकारियों एवं विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र फॉलोअप करें, ताकि परियोजनाएं समय पर प्रारंभ हो सकें। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
इस विषयों पर हुई चर्चा
जिला कलेक्टर ने कहा कि आमजन को शुद्ध पेयजल आपूर्ति हेतु सर्वे कर सुनिश्चित करें कि पेयजल सप्लाई की पाइप लाइन सीवरेज, नाले एवं जल भराव वाले गंदे स्थानों से होकर नहीं गुजरे जिससे की लीकेज होने पर पेयजल दूषित हो जाए, आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इसे गंभीरता से लेंवे एवं आवश्यक सुधार वाले स्थानों को चिन्हित कर तुरंत पाइप लाइन बदलने की कार्यवाही करें। साथ ही समर कंटिंजेंसी, सुजलाम आईडी, वाटर रिचार्ज ढांचा, एफ एच टी सी की प्रगति, हर घर जल प्रमाणीकरण पर भी चर्चा की गई।
बैठक में पीएचईडी अधीक्षण अभियंता रामनिवास यादव ने विभागीय प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बहरोड़ अधीक्षण अभियंता रामकिशोर यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment