जिला कलक्टर ने बानसूर में रात्रि चौपाल आयोजित कर आमजन के सुने परिवाद, भूपसेड़ा के सोलर प्लांट एवं उप जिला अस्पताल का भी किया अवलोकन।

कोटपूतली-बहरोड़, 17 अप्रैल। जिला कलक्टर अपर्णा ने कहा कि आमजन की परिवेदनाओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान के लिए रात्रि चौपाल व जनसुनवाई के माध्यम से आमजन के बीच जाकर उनके परीवादों का संवेदनशीलता व गुणवत्ता के साथ समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाएं संबंधित अधिकारी। 
जिला कलक्टर ने शुक्रवार को उपखंड बानसूर में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन के परिवाद सुनकर नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल,  रात्रि चौपाल व जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं के समयबद्ध व संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में पेयजल व विद्युत संबंधी परिवाद प्राप्त होने पर जिला कलक्टर ने पीएचईडी व विद्युत निगम के अधिकारियों को ग्रीष्मकाल के मध्यनजर निर्बाध पेयजल व विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

इस दौरान विभिन्न परिवादी सड़क, अतिक्रमण, नाम शुद्धि, सीमांकन, गिरदावरी, पुलिस, चिकित्सा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, पट्टा, शिक्षा, पेंशन की समस्याओं को लेकर पहुंचे। सामान्य प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया एवं बीसीएमओ को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की योजनाओं की सम्पूर्ण जानकारी नहीं होने पर फटकार लगाते हुए आमजन को योजनाओं की जानकारी सरल व सुलभ भाषा में देने को कहा।

कलक्टर ने आमजन से संवाद करते हुए उन्हें जागरूक रहकर योजनाओं का लाभ लेने, साथ ही जिले के सभी नागरिकों को अधिकाधिक संख्या में जनसुनवाई व रात्रि चौपाल का लाभ लेने की अपील की है। 
इस दौरान एसडीएम अनुराग हरित एवं तहसीलदार गजेंद्र राठौड़ सहित विभागीय अधिकारियों ने लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में मौजूदा आमजन को विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस दौरान जिला कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत लाभार्थी को सोलर इंडक्शन चूल्हा प्रदान किया। रात्रि चौपाल के दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

भूपसेड़ा के सोलर प्लांट का किया अवलोकन

जिला कलेक्टर ने उपखण्ड दौरे के दौरान  भूपसेडा गांव में पीएम कुसुम योजना के तहत मैसर्स पवन इंटरप्राइजेज (बलबीर मोगर जी) द्वारा स्थापित दोनों सौर संयत्रों का अवलोकन किया। विद्युत निगम अधिकारी ने संयत्र की बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इन प्लांट्स से कृषि कनेक्शनों को आपूर्ति की जा रही है। इससे जुड़े फीडर्स पर लोड शेडिंग के समय भी बिजली बाधित नहीं होती, जिससे किसानों को खेती के लिए भरपूर बिजली मिल रही है। गौरतलब है कि भूपसेडा में 5-5 हैक्टेयर क्षेत्र में बने दोनों प्लांट्स से कल्याण नगर और बालावास जीएसएस से जुड़े फीडरों पर क्षेत्रवासियों को भरपूर बिजली मिल रही है। साथ ही बानसूर क्षेत्र में करीब 10 प्लांट स्थापित हो चुके हैं। जिनसे करीब 4 हजार किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति कर लाभान्वित किया जा रहा है। कल्याण नगर में 310 एवं बालावास में 362 कृषि उपभोक्ताओं को दिन में विद्युत आपूर्ति कर लाभान्वित किया जा रहा है। 

जिला कलेक्टर ने अवलोकन के दौरान कहा कि कुसुम योजना किसानों के लिए आय का नया स्रोत लेकर आई है। घटक ए और सी के अंतर्गत किसान या तो स्वयं सौर संयंत्र स्थापित कर सकते हैं या अपनी अनुपयोगी भूमि लीज पर देकर आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सब्सिडी और राज्य सरकार के सहयोग से यह योजना किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने संयत्र संचालक और अधिकारियों को भूपसेड़ा ग्राम को मॉडल के रूप में रखते हुए पीएम कुसुम योजना के बारे में अधिकाधिक लोगों को जागरूक करने और योजना का लाभ उठाने हेतु प्रेरित करने को कहा।

उप जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

जिला कलक्टर ने उप जिला अस्पताल बानसूर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था, वार्डों की साफ-सफाई, पंजीयन काउंटर एवं आपातकालीन सेवाओं का अवलोकन किया। साथ ही आमजन से संवाद कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अस्पताल स्टाफ को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।

Comments

Popular posts from this blog

प्यार, जासूसी और धोखा का परिणाम है लव जिहाद, जानिए कैसे फंसी इस जाल में ज्योति मल्होत्रा और उससे पहले IFS ऑफिसर माधुरी गुप्ता...?

बहरोड़ SDM के रीडर को 70 हजार की रिश्वत लेते ACB ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार, SDM रामकिशोर मीणा के लिए ली थी राशि।

ऊँटोली के द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में नींव करौरी बाबा के मंदिर का मनाया स्थापना दिवस, अर्पण सेवा फाउंडेशन बहरोड द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं व ग्रामवासियों के लिए बैठने के लिए भेंट की 10 सीमेंटेड चेयर।