जिला प्रभारी सचिव पुखराज सेन ने किया बीडीएम अस्पताल, राजकीय विद्यालय और आंगनबाड़ी का औचक निरीक्षण, अस्पताल में देखी सफाई व्यवस्था, मरीजों से संवाद किया, उपलब्ध चिकित्सक उपकरणों और दवाओं की जानकारी ली, चिकित्सकों को दिए निर्देश।
कोटपूतली-बहरोड़, 28 नवंबर। प्रबंध निदेशक राजस्थान चिकित्सा सेवाएं निगम लिमिटेड एवं जिला प्रभारी सचिव पुखराज सेन ने शुक्रवार को राजकीय बीडीएम जिला चिकित्सालय कोटपूतली का आकस्मिक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से संवाद कर दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिये। इस दौरान जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी भी मौजूद रहीं। प्रभारी सचिव ने चिकित्सालय के मेडिकल इमरजेंसी, ट्रोमा सेंटर, ब्लड बैंक, आईसीयू, डायलेसिस, एसएनसीयू, एमसीएच, सोनोग्राफी, आईपीएचएल लैब, रामाश्रय, दवा वितरण केन्द्र व अन्य वार्डों का निरीक्षण कर सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने रोगियों एवं तीमारदारों को आवश्यक सुविधाऐं सुनिश्चित कर सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ देने के निर्देश दिये। अस्पताल के इमरजेंसी एवं ओपीडी सहित अन्य वार्डों में भ्रमण कर रोगियों से चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी लेकर उनसे कुशलक्षेम जाना तथा अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आने वाले रागियों को नि:शुल्क द...